हजारीबाग में खेल का बड़ा महाकुंभ... एक साथ उतरे 100 से ज्यादा खिलाड़ी
हजारीबाग: जिला खेल कार्यालय,
हजारीबाग की ओर से आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का रविवार को
हजारीबाग स्टेडियम स्थित इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन उपायुक्त हेमंत
सती ने
नगर आयुक्त और जिला खेल पदाधिकारी की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए
उपायुक्त हेमंत सती ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि मानसिक विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली का
भी आधार है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखकर
उन्हें स्वस्थ, फिट
और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। दो दिवसीय इस प्रतियोगिता में 100 से अधिक बालक, बालिका, पुरुष और महिला खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता में अंडर-19 बालक एवं बालिका तथा सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग में एकल (Singles)
और युगल (Doubles) मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के प्रत्येक वर्ग में
विजेता को ₹5,000,
उपविजेता को ₹2,500 तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को
₹1,500 की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर उपायुक्त ने घोषणा की कि
जिला स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद राष्ट्रीय
खेल दिवस के अवसर पर 27, 28 और 29 अगस्त 2026 को प्रमंडल
स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रमंडल के सभी
सात जिलों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर
मिलेगा। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी और जिला
खेल कार्यालय की पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जिले के खिलाड़ियों
को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के लिए प्रेरित करते हैं। उद्घाटन के बाद विभिन्न वर्गों के
मुकाबले शुरू हो गए। प्रतियोगिता का समापन 13 जुलाई को फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण
समारोह के साथ होगा।














