गुमला: आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल व्यवस्थित और गरिमामय बनाने को लेकर उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15 अगस्त को होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों और विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, मंच और बैठक व्यवस्था, यातायात एवं सुरक्षा, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, आमंत्रण पत्र तथा मीडिया समन्वय समेत अन्य तैयारियों की जानकारी ली गई।उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है, इसलिए समारोह की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और गरिमामय होनी चाहिए।उन्होंने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

स्वतंत्रता सेनानियों और कर्मियों का होगा सम्मान

बैठक में स्वतंत्रता सेनानियों एवं झारखंड आंदोलनकारियों के सम्मान तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित करने को लेकर भी चर्चा की गई। इसके अलावा विद्यालयों की सहभागिता, प्रभात फेरी और स्वच्छता अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नागरिक एकादश और प्रशासन एकादश के बीच फुटबॉल मैच के आयोजन को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा हुई।बैठक में अपर समाहर्ता गुमला, सिविल सर्जन, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।