गुमला में हाथी का कहर, 65 वर्षीय वृद्ध को कुचलकर मार डाला, गांव में दहशत
गुमला: गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र में बुधवार अहले सुबह हाथी के हमले में एक 65 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना मारासिली पंचायत के महूगांव टंगरा टोली की है। मृतक की पहचान शनि उरांव के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में हाथियों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। जानकारी के अनुसार, शनि उरांव बुधवार अहले सुबह शौच के लिए घर से कुछ दूरी पर स्थित झाड़ियों की ओर गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद एक हाथी के सामने वह आ गए। बताया जा रहा है कि हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के मुताबिक, भरनो प्रखंड के अलग-अलग इलाकों में हाथियों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। हाथियों के गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने के कारण लोगों में हमेशा भय का माहौल रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार लोग हाथियों को करीब से देखने या उन्हें भगाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में हाथी उग्र हो सकते हैं और आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर जान-माल को नुकसान पहुंचा सकते हैं। घटना की सूचना वन विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की मौजूदगी की स्थिति में लोगों को समय रहते सतर्क करने की मांग की है। ग्रामीणों ने हाथियों को आबादी वाले इलाकों से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने के साथ-साथ मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की भी मांग की है। हाथी के हमले में हुई इस मौत के बाद एक बार फिर क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ गई है।शौच के लिए निकले थे शनि उरांव
इलाके में लगातार हो रही हाथियों की आवाजाही
वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की मांग














