गिरिडीह: लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को गिरिडीह में यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। शहर के झंडा मैदान से पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान पूरा माहौल देशभक्ति के रंग में नजर आया। यूनिटी मार्च में पूर्व मंत्री एवं झारखंड प्रदेश भाजपा महामंत्री अमर कुमार बाउरी, भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष रंजीत कुमार राय, ग्रामीण जिला अध्यक्ष महेंद्र वर्मा समेत बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स और अलग-अलग एकेडमी के युवा भी मार्च में शामिल हुए।

मार्च के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और देश की एकजुटता का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी से कार्यक्रम में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया गया। साथ ही उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया गया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर गिरिडीह के झंडा मैदान से निकला यह यूनिटी मार्च लोगों को राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दे गया।