गढ़वा: गढ़वा थाना क्षेत्र के छतरपुर पंचायत अंतर्गत झलुवा गांव में सड़क पर नाली का पानी बहाने को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस घटना में सदिक अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा में भर्ती कराया गया है।

मामले को लेकर सफीक अंसारी, पिता मोहम्मद ईशा अंसारी ने गढ़वा थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में हैसियत अंसारी, जाहिर अंसारी, गफर अंसारी, जहांगीर अंसारी, तौफीक अंसारी समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

आवेदन के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे सफीक अंसारी के भाई सदिक अंसारी और भतीजे मजहर अंसारी के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि सदिक अंसारी को जमीन पर गिराकर उनके पेट पर चढ़कर पिटाई की गई।

सफीक अंसारी ने यह भी आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट करने के बाद पेट पर पिस्तौल सटाकर जान से मारने की धमकी दी गई और जेब से 3,200 रुपये निकाल लिए गए। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही पुष्टि हो सकेगी।

बताया जाता है कि सड़क पर नाली का पानी बहने की समस्या को लेकर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि राहुल जायसवाल ने कई बार पहल की थी। उन्होंने विवाद सुलझाने और नाली की समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया। लेकिन पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के विरोध और बार-बार बाधा उत्पन्न करने के कारण समस्या का समाधान नहीं हो सका।

गौरतलब है कि घायल सदिक अंसारी हाल ही में अपनी एक किडनी दान कर चुके हैं। ऐसे में उनके साथ हुई मारपीट के बाद परिवार की चिंता बढ़ गई है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। फिलहाल, नाली के पानी को लेकर शुरू हुआ विवाद गांव में चर्चा का विषय बना हुआ है।