दुमका: दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) ने वाहन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान बिना वैध दस्तावेजों के सड़क पर चल रहे कुल 7 वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों में ट्रक, ट्रेलर और हाइवा शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग की टीम ने दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर वाहनों की जांच की। इस दौरान पकड़े गए वाहनों के चालक वाहन से संबंधित आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के बाद DTO ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त करने का आदेश दिया।

बताया जा रहा है कि कार्रवाई के समय सभी 7 वाहन खाली थे। इनमें किसी तरह का माल लदा हुआ नहीं था।

जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षित रूप से शिकारीपाड़ा ब्लॉक मैदान में लाकर खड़ा कराया गया है। परिवहन विभाग अब वाहन मालिकों और चालकों से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रहा है।

विभाग की ओर से नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई और जुर्माना लगाने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर वाहनों के संचालन में आवश्यक दस्तावेज और नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है।

DTO की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वाहन चालकों के बीच हड़कंप की स्थिति है। परिवहन विभाग की ओर से आगे भी वाहन जांच अभियान जारी रहने की बात कही जा रही है।