धनबाद: जिले के महुदा बस्ती के पास मधुमक्खियों के झुंड ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में दो बच्चों समेत कुल पांच लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों में एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं, जिन्हें इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है। वहीं, दामोदर नदी के दूसरी ओर घायल हुए दो अन्य लोग अपने घर चले गए।

दामोदर नदी किनारे अचानक मधुमक्खियों ने किया हमला

जानकारी के अनुसार, महुदा बस्ती निवासी एक ही परिवार के तीन लोग बोकारो के अलकुशा बस्ती जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान बारीक पुल पहुंचने से पहले मुर्लीडीह के पास दामोदर नदी किनारे हीरक सड़क मार्ग पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले के कारण तीनों को संभलने का मौका नहीं मिला। मधुमक्खियों के डंक से 29 वर्षीय सबा अहमद, 7 वर्षीय सुफियान अंसारी और 12 वर्षीय नाजरीन परवीन घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद करते हुए तीनों घायलों को उनके घर पहुंचाया। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए SNMMCH ले गए, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

वहीं, मधुमक्खियों के हमले के दौरान दामोदर नदी के दूसरी ओर मौजूद दो अन्य लोग भी घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, दोनों इलाज के लिए अपने घर चले गए।

अचानक हुए इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।