पंडरा-सुखदेव नगर में गाय तस्करी का आरोप, स्थानीय लोगों ने पकड़ी गाड़ी; वाहन फूंके जाने के बाद 6 हिरासत में
रांची: पंडरा और सुखदेव नगर थाना क्षेत्र में कथित गाय तस्करी को लेकर शनिवार को हंगामा हो गया। स्थानीय लोगों ने पिस्का मोड़ के पास गायों से लदी एक गाड़ी को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गाड़ी में पांच गायें थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कटहल मोड़ की तरफ से चार गाड़ियां गायों को लेकर आ रही थीं। पिस्का मोड़ के पास लोगों ने इनमें से एक गाड़ी को रोक लिया। इस दौरान गाड़ी में सवार चालक और खलासी मौके से भागने में सफल रहे। गाड़ी पकड़े जाने के बाद मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गए। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने पकड़ी गई गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि तीन अन्य गाड़ियां मौके से भागने में सफल रहीं। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने गाड़ी में आग लगाने के आरोप में छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गायों को कहां से लाया जा रहा था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। साथ ही मौके से फरार हुई अन्य गाड़ियों की भी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गायों की तस्करी के आरोप और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।स्थानीय लोगों ने वाहन में लगाई आग
वाहन में आग लगाने के आरोप में 6 हिरासत में














