चतरा: शहर के नगवां मोहल्ला निवासी टेंपो चालक तिलक यादव पिछले चार दिनों से लापता हैं। वह 13 सितंबर को टेंपो लेकर राजपुर जाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। तिलक के अचानक लापता होने से पत्नी, छोटे बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों की सूचना के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तिलक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने शहर से सटे धमनिया इलाके से तिलक का टेंपो लावारिस हालत में बरामद किया है। वाहन मिलने के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है।

पुलिस टेक्निकल टीम की मदद से तिलक की तलाश कर रही है। उनके मोबाइल फोन समेत अन्य संभावित सुरागों की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि तिलक आखिरी बार कहां और किन परिस्थितियों में देखे गए थे।

इधर, तिलक यादव की जल्द और सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ को न्यू कोर्ट मोड़-विकास भवन चौक के समीप जाम कर दिया। आंदोलन में टेंपो चालक संघ के सदस्य भी शामिल हुए। सड़क जाम होने के कारण मुख्य मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

टेंपो चालक संघ के अध्यक्ष राजू दबगर ने कहा कि तिलक को लापता हुए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है। इससे परिवार के साथ-साथ टेंपो चालक संघ के सदस्यों में भी चिंता है। उन्होंने एसपी और एसडीपीओ से मामले में त्वरित संज्ञान लेकर तलाश अभियान और तेज करने की मांग की।

जाम की सूचना मिलने पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और एएसआई दुखीराम महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने और सड़क जाम हटाने का प्रयास किया।

एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने कहा कि तिलक यादव की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस टेक्निकल टीम के सहयोग से हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है। विशेष टीम झारखंड और बिहार के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारी ने कहा कि तिलक को जल्द सुरक्षित बरामद करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने परिजनों और आम लोगों से पुलिस को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।