चतरा: जिले में भ्रष्टाचार के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB), हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर अंचल के हल्का-7 के राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में की गई।

जानकारी के अनुसार, जमीन का म्यूटेशन कराने के एवज में राजस्व कर्मचारी सतीश प्रसाद पर 30 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता गिद्धौर थाना क्षेत्र के नया खाप निवासी तुलसी यादव ने इस संबंध में ACB में लिखित शिकायत की थी।

ACB हजारीबाग के एसपी आरिफ इकराम ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम ने आरोपों का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने के बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया गया।

मंगलवार को कर्मचारी द्वारा शिकायतकर्ता से रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 15 हजार रुपये लिए जा रहे थे। इसी दौरान ACB की टीम ने कर्मचारी भवन में कार्रवाई करते हुए सतीश प्रसाद को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम ने आरोपी राजस्व कर्मचारी के कार्यालय में दस्तावेज और संबंधित अभिलेखों को खंगाला। इसके बाद सतीश प्रसाद को अग्रेतर कार्रवाई के लिए हजारीबाग ले जाया गया।

ACB एसपी ने बताया कि हजारीबाग में आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा। कार्रवाई की खबर से प्रखंड-अंचल कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।