चतरा: चतरा में भ्रष्टाचार के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण ब्यूरो (ACB) हजारीबाग की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। सदर प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित कर्मचारी भवन में छापेमारी करते हुए ACB की टीम ने एक राजस्व कर्मचारी को कथित रूप से घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान सतीश प्रसाद के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, राजस्व संबंधी कार्य के एवज में कर्मचारी द्वारा कथित तौर पर रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद ACB हजारीबाग की टीम ने मामले का सत्यापन किया और मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। इसी दौरान कर्मचारी को कथित रूप से घूस लेते रंगे हाथ दबोचा गया।

गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम प्रखंड परिसर स्थित आरोपी कर्मचारी के कार्यालय में दस्तावेजों की जांच कर रही है। टीम द्वारा कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, संबंधित अभिलेखों और अन्य कागजातों को खंगाला जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। हालांकि, रिश्वत की रकम कितनी थी और किस काम के एवज में इसकी मांग की गई थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि ACB की विस्तृत कार्रवाई पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।