पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के शहरकोल के समीप मंगलवार सुबह बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार दो यात्रियों को भी चोटें आई हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के बाद बस चालक और घायल यात्रियों को इलाज के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टर दयानंद आर्या ने बताया कि बस और ट्रक की टक्कर में चालक समेत दो यात्रियों को चोटें आई हैं। बस चालक की स्थिति गंभीर बताई गई।

घायल यात्रियों की पहचान पाकुड़ निवासी 30 वर्षीय कविता चार और 55 वर्षीय विद्युत मरांडी के रूप में हुई है। दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं, बस चालक के परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे बाहर ले जाने की इच्छा जताई, जिसके बाद चालक को बेहतर इलाज के लिए बाहर ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, बस संख्या JH04AC2495 पाकुड़ से हिरणपुर की ओर जा रही थी, जबकि ट्रक संख्या WB59H8406 हिरणपुर से पाकुड़ की ओर आ रहा था। इसी दौरान शहरकोल के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

बस चालक मुमताज अंसारी ने बताया कि ट्रक काफी तेज रफ्तार में आ रहा था। उनके अनुसार, ट्रक चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद दोनों वाहनों में टक्कर हो गई।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।