बोकारो चास में दिनदहाड़े महिला से चेन छिनतई बाइक सवार बदमाश फरार
बोकारो: बोकारो के चास थाना
क्षेत्र में दिनदहाड़े चेन छिनतई की घटना ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था
पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन
झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान महिला के गले में चोट भी आई है। मामला
चास थाना क्षेत्र के बेंदी टांड़ से कैलाश नगर जाने वाली गली का है, जहां दिनदहाड़े चेन छिनतई की वारदात
हुई। पीड़ित महिला विभा
देवी के मुताबिक, वह
सुबह करीब 10 बजे
बाजार से सब्जी खरीदकर पैदल अपने घर कैलाश नगर की ओर जा रही थीं। इसी
दौरान बेंदी टांड़ के पास गली में बाइक सवार दो बदमाश पहुंचे और झपट्टा मारकर उनके
गले से सोने की चेन छीन ली। चेन छीनने के दौरान महिला के गले में चोट भी लगी। विभा
देवी ने शोर मचाकर बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी बाइक से मौके से फरार
होने में सफल रहे। दिनदहाड़े
हुई इस घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही
चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के
फुटेज खंगाल रही है, ताकि
बाइक सवार बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चेन स्नेचरों की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े
हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी
की मांग की है।















