पुलिस एसोसिएशन अध्यक्ष पर गंभीर आरोप
सिमडेगा जिले
के पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में ठहरे एक एएसआई और उनके परिवार के साथ कथित
दुर्व्यवहार का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। मामले
में सिमडेगा पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं एसआई रजनीश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए
गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं। प्राप्त
जानकारी के अनुसार एक एएसआई अपने परिवार के साथ सिमडेगा स्थित मां
बांदुर्गा मंदिर एवं रामरेखा धाम में पूजा-अर्चना करने
पहुंचे थे। रात्रि विश्राम के लिए उन्हें वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर
पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में ठहराया गया था। आरोप
है कि 16 मई 2026 की रात करीब 1 बजे पुलिस एसोसिएशन अध्यक्ष एसआई रजनीश
कुमार अपने एक साथी एसआई के साथ कथित रूप से नशे की हालत में गेस्ट हाउस पहुंचे।
वहां उन्होंने एएसआई और उनके परिवार को जगाकर पूछा कि वे किसके आदेश से गेस्ट हाउस
में रुके हुए हैं। शिकायत
के अनुसार एएसआई
ने अपना परिचय देने के साथ यह भी बताया कि उन्हें वरीय अधिकारियों के निर्देश पर
वहां ठहराया गया है। इसके बावजूद कथित रूप से एसआई रजनीश कुमार ने अभद्र व्यवहार
किया और कहा कि यहां मेरा आदेश चलता है किसी
और का नहीं। पीड़ित
द्वारा दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि एसआई रजनीश कुमार ने गाली-गलौज की
तथा जबरन गेस्ट हाउस के अंदर प्रवेश करने का प्रयास किया। वहीं उनके साथ मौजूद
दूसरे एसआई द्वारा पूरी घटना का वीडियो बनाए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले
को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित एएसआई ने लिखित शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पुलिस
अधीक्षक सिमडेगा ने विभागीय जांच के आदेश जारी कर दिए
हैं। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय
कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल
मामले की जांच जारी है और पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार
किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट
हो सकेगी।














