हजारीबाग जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। उपायुक्त के निर्देश पर बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे पदमा थाना क्षेत्र के दौरवा गांव में छापेमारी कर मुर्गी फार्म की आड़ में संचालित कथित अवैध विदेशी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया।सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देशन और निरीक्षक उत्पाद के पर्यवेक्षण में हुई इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री से भारी मात्रा में स्पिरिट तैयार अवैध विदेशी शराब विभिन्न ब्रांडों के नकली लेबल सरकारी होलोग्राम कैरामेल रंग देने वाला पदार्थ ढक्कन पैकिंग कार्टन पंचिंग मशीन तथा बड़ी संख्या में खाली बोतलें बरामद कीं। जांच एजेंसियों के अनुसार इन सामग्रियों का इस्तेमाल कथित रूप से नकली शराब तैयार कर उसे ब्रांडेड बोतलों में पैक करने के लिए किया जा रहा था।छापेमारी के दौरान लगभग 180 लीटर अवैध विदेशी शराब और करीब 105 लीटर स्पिरिट जब्त किया गया। बरामद सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत सील कर उत्पाद विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।मामले में दौरवा निवासी अशोक बाड़ा को मुख्य आरोपी नामजद किया गया है। इसके अलावा इस कथित अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस विशेष अभियान में निरीक्षक उत्पाद सौरव कुमार झा, अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सय्यद बसीरुद्दीन तथा सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी होमगार्ड के जवान शामिल रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।