हजारीबाग स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संघ एएचपीआई झारखंड प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी समिति का गठन रांची स्थित रानी अस्पताल में आयोजित बैठक में किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से नई टीम का चयन किया गया और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।नई कार्यकारिणी में डॉ. राजेश को अध्यक्ष और डॉ. शंभु प्रसाद सिंह को सचिव चुना गया है। वहीं उपाध्यक्ष पद पर सिद्धांत जैन के साथ हर्ष अजमेरा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कोषाध्यक्ष के रूप में साहिल गंभीर तथा संयुक्त सचिव के रूप में डॉ. दिनेश कुमार और डॉ. रामनेश कुमार को नियुक्त किया गया है।बैठक में संगठन के पूर्व अध्यक्ष सईद अहमद अंसारी, संरक्षक योगेश गंभीर और डॉ. अजय कुमार सिंह भी मौजूद रहे। सभी सदस्यों ने नई कार्यकारिणी पर विश्वास जताते हुए संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।उपाध्यक्ष बनाए जाने पर हर्ष अजमेरा ने कहा कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड में स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।नई कार्यकारिणी से उम्मीद जताई जा रही है कि यह टीम राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।वहीं हर्ष अजमेरा को उपाध्यक्ष बनाए जाने पर हजारीबाग में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक और निजी समूहों के माध्यम से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।