पोटका भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव रामनवमी के अवसर पर शनिवार को पोटका के सुंदरनगर में पूरा क्षेत्र भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धा और शक्ति के इस अनूठे संगम में श्री बजरंग अखाड़ा के शंकर अग्रवाल और श्रीनिवास अखाड़ा समिति के अनमोल बर्मा की अगुवाई में अलग अलग भव्य शोभा यात्राएं निकाली गईं।शोभा यात्रा के दौरान अखाड़ा के युवाओं ने लाठी तलवार और पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। करतब देख लोग दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर हो गए।सुबह से ही पूरा सुंदरनगर केसरिया ध्वजों से पट गया था और जय श्रीराम के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। शोभा यात्रा पूरे क्षेत्र का भ्रमण करते हुए विभिन्न चौक चौराहों से होकर गुजरी जहां लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया।