गिरिडीह कोर्ट परिसर के बाहर उस समय हंगामा हो गया जब एक प्रेमी जोड़े की शादी को लेकर दोनों पक्षों के परिजनों के बीच विवाद हो गया। एक पक्ष शादी कराने के पक्ष में था जबकि दूसरे पक्ष के लोग इस शादी को मानने से इनकार कर रहे थे जिसके कारण कोर्ट परिसर के बाहर जमकर बवाल हुआ।बताया जा रहा है कि राजधनवार थाना क्षेत्र के एक गांव में बीती रात एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। इसकी भनक ग्रामीणों और युवती के परिजनों को लग गई जिसके बाद युवक को पकड़ लिया गया और दोनों की जबरन शादी करवा दी गई।इसके बाद युवती के परिजन दोनों को कोर्ट मैरेज कराने के लिए गिरिडीह कोर्ट लेकर पहुंचे। जैसे ही इसकी जानकारी युवक के परिजनों को मिली वे भी कोर्ट पहुंच गए और जबरन शादी कराने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध करने लगे।इस दौरान कोर्ट परिसर के बाहर दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामा होने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।