भवनाथपुर स्थित डीएवी विद्यालय में नए प्राचार्य के रूप में अशोक सिन्हा ने पदभार ग्रहण किया। उनके आगमन पर विद्यालय परिवार ने पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। शिक्षकों ने आर्य परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया जिससे विद्यालय का माहौल उत्साह और उल्लास से भर गया।कार्यक्रम के दौरान संगीत शिक्षक गणेश त्रिवेदी ने स्वागत गान प्रस्तुत किया जिसने कार्यक्रम को और भी भावुक बना दिया। अपने संबोधन में प्राचार्य अशोक सिन्हा ने कहा कि वे स्वयं को पहले एक शिक्षक मानते हैं और डीएवी परिवार का हिस्सा बनकर गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय को एक परिवार की तरह मिलकर आगे बढ़ाना है और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।उन्होंने बच्चों की सुरक्षा, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शिक्षकों से सहयोग की अपेक्षा जताई।इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षक ओ.पी. सिंह, जे.एस. तिवारी अरुण सिंह शौकत अली अनिल द्विवेदी संजय राय बृजेन्द्र सिंह राजीव कुमार नंद किशोर चौधरी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक उपस्थित थे।