हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित रेंज ऑफिस के पास 11000 वोल्ट का हाई टेंशन बिजली तार नीचे झूलने से बड़ा हादसा होने का खतरा मंडरा रहा है। इस वजह से आसपास के 14 से 15 घरों में रहने वाले लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह तार घरों के आने-जाने के रास्ते के बेहद करीब झूल रहा है जिससे कभी भी गंभीर दुर्घटना हो सकती है। खासकर बच्चे बुजुर्ग और महिलाएं हर दिन डर के साए में आवाजाही करने को मजबूर हैं।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या की सूचना कई बार बिजली विभाग को दी जा चुकी है लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने आशंका जताई है कि बारिश या तेज हवा के दौरान यह स्थिति और खतरनाक हो सकती है।क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस तार को ऊंचा किया जाए पोल की स्थिति बदली जाए या नया मजबूत खंभा लगाया जाए ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।अब देखना यह होगा कि विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल पदाधिकारी अमित कुमार शर्मा इस गंभीर मामले को कितनी प्राथमिकता देते हैं और कब तक लोगों को राहत मिलती है।