हजारीबाग में कोयला कारोबारी की हत्या भागते अपराधियों ने युवक को रौंदा
हजारीबाग जिले के
बड़कागांव थाना क्षेत्र के नपोखुर्द गांव में अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को
अंजाम दिया है। अज्ञात हमलावरों ने पहले एक कोयला कारोबारी की धारदार हथियार से
हत्या कर दी और फरार होने के दौरान एक युवक को गाड़ी से कुचल दिया, जिससे उसकी भी मौत हो गई।जानकारी के
अनुसार नपोखुर्द गांव के निवासी और कोयला व्यवसायी रोहित साव अपने इलाके में मौजूद
थे। इसी दौरान सफेद स्कॉर्पियो में सवार अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और
उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि रोहित साव
की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद हमलावर स्कॉर्पियो से तेजी से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अपराधियों की गाड़ी काफी तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान
सड़क पर मौजूद प्रदीप साव जो नपोखुर्द गांव के ही निवासी थे वाहन की चपेट में आ
गए।स्थानीय लोगों ने घायल प्रदीप साव को तुरंत अस्पताल पहुंचाया लेकिन गंभीर चोटों के
कारण उनकी भी मौत हो गई।एक ही घटना में दो लोगों की मौत की खबर फैलते ही नपोखुर्द
और आसपास के क्षेत्रों में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलने के
बाद बड़कागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और
अज्ञात अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।














