देवघर बाबा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के कारण मंदिर क्षेत्र के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। श्रद्धालुओं द्वारा पंडित शिवराम झा चौक सीता होटल चौक लक्ष्मीपुर चौक और शिक्षा सभा चौक समेत कई स्थानों पर जहां तहां वाहन खड़ा कर देने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद यातायात पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए नो एंट्री जोन में गाड़ी पार्क करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान कई वाहनों का चालान काटा गया और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई।यातायात थाना के एएसआई वीर बहादुर बाउरी ने बताया कि नो एंट्री जोन में वाहनों के प्रवेश और पार्किंग के कारण मंदिर के आसपास जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।उन्होंने कहा कि लोगों को चेतावनी दी गई है कि अगली बार नो एंट्री जोन में गाड़ी खड़ी करने या प्रवेश करने पर चालान के साथ साथ कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और निर्धारित स्थानों पर ही अपने वाहन खड़े करें ताकि मंदिर क्षेत्र में जाम की समस्या से बचा जा सके।