‘नई नवेली’ के प्रमोशन के लिए अयोध्या जाएंगी यामी गौतम धर, 16 अक्टूबर को रिलीज होगी फिल्म
मुंबई: अभिनेत्री यामी गौतम धर अपनी आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ के प्रमोशन के सिलसिले में 14 अक्टूबर 2026 को अयोध्या का दौरा करेंगी। इससे पहले वह 11 अक्टूबर को गुजरात के अहमदाबाद में फिल्म का प्रचार कर चुकी हैं। अयोध्या दौरे के दौरान अभिनेत्री के प्रशंसकों और मीडिया से मुलाकात करने की योजना है। अमेज़न MGM स्टूडियोज और कलर येलो प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘नई नवेली’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को दशहरा के अवसर पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ‘नई नवेली’ की कहानी एक भारतीय परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी सामान्य जिंदगी में अप्रत्याशित बदलाव आते हैं। फिल्म में पारिवारिक रिश्तों, हास्य, फैंटेसी, रहस्य और एक्शन को एक साथ पिरोया गया है। कहानी में बड़े और दिलचस्प किरदारों के साथ परिवार के डॉग की भूमिका भी घटनाक्रम को खास बनाती है। फिल्म का उद्देश्य पारिवारिक माहौल और भारतीय परिवेश के बीच एक ऐसी मनोरंजक दुनिया पेश करना है, जिसमें दर्शकों को कॉमेडी, भावनाओं और अप्रत्याशित मोड़ों का अनुभव मिले। फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है, जबकि आनंद एल. राय और हिमांशु शर्मा ने इसका निर्माण किया है। फिल्म में यामी गौतम धर के साथ अड्डिनाथ एम. कोठारे, अनुराग ठाकुर, सुनीता राजवार, मीता वशिष्ठ, आदित्य कुलश्रेष्ठ, सुस्मिता मुखर्जी और प्रतीक पचौरी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का संगीत जी. वी. प्रकाश कुमार ने तैयार किया है। ‘भाभी तबाही’ समेत फिल्म के संगीत और थीम ट्रैक को लेकर भी चर्चा है। अब रिलीज से पहले यामी गौतम धर के अयोध्या दौरे को फिल्म के प्रचार अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है। 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आने वाली यह फिल्म पारिवारिक मनोरंजन के साथ फैंटेसी, रहस्य और एक्शन का मिश्रण पेश करेगी।फैमिली कॉमेडी के साथ फैंटेसी और मिस्ट्री का मेल
बालाजी मोहन ने किया है निर्देशन















