Entertainment News: बॉलीवुड की बड़ी-बड़ी फिल्मों के बीच इन दिनों एक कम बजट की धार्मिक फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ऐसा कमाल कर दिखाया है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। निर्देशक डॉ. विशाल चतुर्वेदी की फिल्म हनुमान अंश’ को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। महज ₹2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक करीब ₹156 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

फिल्म की सफलता सिर्फ आम दर्शकों तक सीमित नहीं है। बॉलीवुड के कई सितारे भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। वरुण धवन और आदित्य धर के बाद अब अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने भी ‘हनुमान अंश’ की तारीफ करते हुए लोगों से इसे सिनेमाघरों में देखने की अपील की है।

₹2 करोड़ से ₹156 करोड़ तक पहुंची फिल्म

सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर महज ₹10 लाख की ओपनिंग ली थी। शुरुआत भले ही धीमी रही, लेकिन दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा बढ़ने के साथ इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ ली।

रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 32वें दिन भी फिल्म ने करीब ₹10 करोड़ का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन ₹132.13 करोड़ और ग्रॉस कलेक्शन करीब ₹156.20 करोड़ तक पहुंच गया।

महज ₹2 करोड़ की लागत में बनी फिल्म के लिए यह आंकड़ा बेहद बड़ी सफलता माना जा रहा है।

प्रीति जिंटा ने कहा- ‘इसे मिस मत करना’

हनुमान अंश’ की चर्चा अब बॉलीवुड तक भी पहुंच चुकी है। अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने फिल्म देखने के बाद सोशल मीडिया पर इसकी तारीफ की।

प्रीति ने थिएटर के अंदर से तस्वीरें साझा कीं। एक तस्वीर के साथ उन्होंने सीता राम’ और ‘Wow’ लिखा। वहीं दूसरी पोस्ट में उन्होंने दर्शकों से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने की अपील की।

प्रीति के इस पोस्ट के बाद फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज हो गई है।

वरुण धवन ने भी की थी फिल्म की तारीफ

प्रीति जिंटा से पहले अभिनेता वरुण धवन भी फिल्म की तारीफ कर चुके हैं। वरुण अपनी मां के साथ ‘हनुमान अंश’ देखने पहुंचे थे और इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लोगों से फिल्म देखने की अपील की थी।

वरुण ने फिल्म को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर करते हुए इसे सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि ईश्वर का आशीर्वाद बताया था।

आदित्य धर ने भी मेकर्स की सराहना की

फिल्म की सफलता पर निर्देशक आदित्य धर भी अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। उन्होंने ‘हनुमान अंश’ के मेकर्स और फिल्म की सफलता की सराहना की।

कम बजट में बनी इस फिल्म का बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि फिल्म ने बिना बड़े स्तर के प्रमोशन के दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई है।

नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है कहानी

हनुमान अंश’ की कहानी प्रसिद्ध संत और आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन और उनके भक्ति मार्ग से प्रेरित बताई जा रही है।

फिल्म का निर्देशन डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने किया है, जबकि मुख्य भूमिका में अभिनेता शोभिनव सत्या नजर आ रहे हैं। फिल्म में उनके अभिनय की भी दर्शकों की ओर से सराहना की जा रही है।

वर्ड ऑफ माउथ बना फिल्म की सबसे बड़ी ताकत

हनुमान अंश’ की शुरुआती कमाई भले ही मामूली रही, लेकिन दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने फिल्म की रफ्तार बदल दी। माना जा रहा है कि फिल्म की सफलता में वर्ड ऑफ माउथ पब्लिसिटी ने अहम भूमिका निभाई है।

कम बजट और सीमित प्रमोशन के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन ने फिल्म को खास बना दिया है। अब बॉलीवुड सितारों की तारीफ मिलने के बाद फिल्म की चर्चा और बढ़ने की उम्मीद है।