उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में सोमवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यमुनानगर जोन के मेजा थाना क्षेत्र स्थित कुकुरकटवा गांव में एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की हत्या कर दी गई। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है  जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

घर से 20 मीटर दूर मिले शव

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अमरावती देवी (65 वर्ष)  इंद्रावती देवी (62 वर्ष) और श्याम लाल (65 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों के शव घर से करीब 20 मीटर दूर बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने सोते समय हमला किया और जान बचाने के लिए भाग रहे बुजुर्गों को दौड़ाकर मार डाला।

पुरानी रंजिश और प्रेम-प्रसंग का एंगल

पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक 22 वर्षीय युवक ने करीब एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि परिवार की एक युवती को कथित रूप से प्रेम संबंध में फंसाने को लेकर विवाद चल रहा था  जिसके कारण तनाव बना हुआ था।

परिजनों ने संदिग्ध युवक के खिलाफ मेजा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

परिवार के सदस्य रहते हैं बाहर

जानकारी के मुताबिक मृतका अमरावती देवी के पति राजस्थान में काम करते हैं  जबकि इंद्रावती देवी के पति का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार के अधिकांश सदस्य रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। घटना के समय घर में केवल बुजुर्ग ही मौजूद थे।

पुलिस सभी पहलुओं की कर रही जांच

मेजा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का निरीक्षण कर चुके हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह का खुलासा जांच और साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।

फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और संदिग्धों की तलाश जारी है।