मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक का शव बाइक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। घटना कोल्हुआ ढाबा के पास की है, जहां बदमाश शव को बाइक पर छोड़कर फरार हो गए।

मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय राकेश कुमार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में कोल्हुआ चौक स्थित गांधी नगर में किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शौच के लिए जाते समय बाइक पर शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया है, जो घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

परिजनों के अनुसार, राकेश का कुछ महीने पहले मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह जेल भी गया था। चार-पांच दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था। परिजनों का आरोप है कि मंगलवार देर रात उसे बुलाकर गोली मार दी गई और शव को सुनसान स्थान पर बाइक पर छोड़ दिया गया।

एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया सिर में गोली लगने से युवक की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल से बरामद बाइक वैशाली जिले में पंजीकृत बताई जा रही है, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।