गुरुग्राम शादी के तीन महीने बाद पत्नी की हत्या प्रेमिका संग मिलकर पति गिरफ्तार
हरियाणा के गुरुग्राम जिले में शादी के महज तीन
महीने बाद पत्नी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में
मृतका के पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों
ने मिलकर सुनियोजित तरीके से महिला की गोली मारकर हत्या की और फिर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार 22 मई को थाना मानेसर में मृतका की मां ने शिकायत दर्ज कराई
थी। उन्होंने बताया कि उनकी 22 वर्षीय बेटी की शादी फरवरी 2026 में मानेसर निवासी अंकित से
हुई थी। 21 मई को बेटी के लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं
मिली। परिजनों ने पति और ससुराल पक्ष पर संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज
कराई। जांच के दौरान 22 मई को मानेसर स्थित एक
किराये के कमरे से महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार महिला की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद हत्या की
धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। अपराध शाखा मानेसर की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अंकित (25 वर्ष) निवासी मानेसर और उसकी कथित
प्रेमिका रजनी देवी (38 वर्ष) निवासी औरंगाबाद जिला झज्जर को गिरफ्तार कर लिया। तीन साल से चल रहा था प्रेम
संबंध पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अंकित और रजनी के
बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। रजनी लंबे समय से मानेसर में किराये के
मकान में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक 21 मई को अंकित अपनी पत्नी को बहाने से रजनी के किराये के कमरे
में ले गया जहां दोनों ने
मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि हत्या
में इस्तेमाल किया गया हथियार आरोपी अंकित करीब दो महीने पहले उत्तर प्रदेश से
लेकर आया था। नेपाल भाग गए थे आरोपी वारदात के बाद दोनों आरोपी हरिद्वार पहुंचे और
वहां से नेपाल फरार हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों 30 जून को भारत लौटे जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पांच दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है। मामले में
हत्या में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के साथ आगे की जांच जारी
है।















