मुजफ्फरनगर मे तीर्थ नगरी शुक्रताल में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। आरोप है कि युवक के दोस्तों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव को श्मशान घाट में चिता पर रखकर जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने समय रहते पहुंचकर जलती चिता से शव बरामद कर लिया और मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान भौराकला थाना क्षेत्र के सिसौली गांव निवासी 30 वर्षीय अंकुर के रूप में हुई है। बताया गया कि अंकुर पिछले कुछ समय से शुक्रताल में रहकर मजदूरी करता था। शुक्रवार रात वह अपने कुछ परिचितों के साथ शराब पार्टी में शामिल था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया  जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।

आरोप है कि नशे की हालत में साथियों ने अंकुर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी शव को नजदीकी श्मशान घाट ले गए और चिता पर रखकर आग लगा दी  ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जलती चिता से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और करीब 10 घंटे के भीतर चार आरोपियों की पहचान कर ली।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के दौरान घेराबंदी की गई जिसमें एक आरोपी सनी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। वहीं राजपाल  सुमित उर्फ अघोरी और मनमोहन को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक ऑल्टो कार अवैध तमंचा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद हत्या करने की बात स्वीकार की है।

मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर दिया। आरोपियों के खिलाफ हत्या आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

यह सनसनीखेज घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।