बिहार के मोतिहारी जिले में बुधवार 20 मई 2026  की सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई  जब घोड़ासहन थाना क्षेत्र के वीरता चौक स्थित एक मोबाइल टावर से युवक का शव लटकता मिला। करीब 60 फीट ऊंचे टावर पर शव देख स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई। मृतक की पहचान हैदर मियां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और पिछले कुछ वर्षों से अपने परिवार के साथ घोड़ासहन के वीरता चौक इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। युवक मजदूरी का काम करता था और उसकी उम्र लगभग 22 से 23 वर्ष बताई जा रही है। परिजनों के मुताबिक युवक बुधवार तड़के करीब 3 बजे घर से निकला था। सुबह स्थानीय लोगों की नजर मोबाइल टावर पर गई  जहां युवक का शव लटका दिखाई दिया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद घोड़ासहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को मोबाइल टावर से नीचे उतरवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की मां मौके पर पहुंचीं। बेटे का शव देखकर उनका रो रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक की मां ने बताया कि उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान रहता था। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह वह घर से दो मोबाइल फोन और कुछ चांदी के जेवर लेकर निकला था। घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है  हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है।