उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक मॉडल ने शादी का झांसा देकर शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और जांच जारी है.

पीड़िता सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत सौंपी. शिकायत में उसने आरोप लगाया कि वर्ष 2015-16 में मॉडलिंग के सिलसिले में मुंबई जाने के दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी वसील नामक युवक से हुई थी. युवक ने उसे मॉडलिंग करियर में आगे बढ़ाने और बाद में शादी करने का वादा किया था.

शादी का भरोसा देकर किया शोषण: पीड़िता

पीड़िता का आरोप है कि शादी के वादे के आधार पर आरोपी ने लंबे समय तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. साथ ही विभिन्न बहानों से उससे बड़ी रकम भी ली. युवती का दावा है कि आरोपी ने उससे करीब 50 लाख रुपये लिए और कई बार आर्थिक मदद के नाम पर पैसे मांगे.

धर्म परिवर्तन का दबाव और धमकी का आरोप

शिकायत के अनुसार जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन की शर्त रख दी. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और निजी फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई.

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि इस दौरान उसका तीन बार गर्भपात कराया गया.

पुलिस ने शुरू की जांच

मेरठ के पुलिस अधिकारियों के अनुसार  शिकायत के आधार पर सरधना थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है. पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है.

पुलिस का कहना है कि शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों लंबे समय तक मुंबई में साथ रहे थे. धर्म परिवर्तन सहित अन्य आरोपों की भी जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जांच के बाद सामने आएंगे तथ्य

फिलहाल पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी.