कानपुर में मामूली बाइक टक्कर बनी खूनी वारदात पिता पुत्र की चाकू और हेलमेट से हत्या
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम एक
मामूली बाइक टक्कर ने दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया। घटना में पिता और बेटे की
मौत हो गई जबकि परिवार का एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके
में तनाव और दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और
सत्यम के साथ काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान यशोदा नगर बाईपास के
पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद
शुरू हुआ जो कुछ ही देर में हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार
युवकों ने चाकू और हेलमेट से हमला कर दिया। हमले में शिवनारायण त्रिवेदी शिवम और सत्यम गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण और उनके बेटे शिवम को मृत घोषित कर दिया। वहीं
सत्यम का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन में
रिकॉर्ड कर लिया जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो को पुलिस जांच का अहम
हिस्सा मानकर आरोपियों की पहचान और गतिविधियों की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों
के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश की गई। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी करन वर्मा
समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य
पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।















