नई दिल्ली: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने हाईवे यात्रियों की सुविधा के लिए RajmargYatra मोबाइल ऐप में दो नए फीचर लॉन्च किए हैं। अब पात्र वाहन मालिक घर बैठे अपने मोबाइल से डिजिटल लोकल टोल पास बनवा सकेंगे। इसके साथ ही MargMitra नाम का AI आधारित हेल्प सेंटर भी शुरू किया गया है, जिससे FASTag, टोल पास, शिकायत और रिफंड जैसी सेवाएं एक ही ऐप पर मिलेंगी।

घर बैठे कैसे बनेगा लोकल टोल पास?

अब लोकल टोल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा जाने की जरूरत नहीं होगी। RajmargYatra ऐप के जरिए पात्र वाहन मालिक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और मासिक अनलिमिटेड ट्रैवल वाला लोकल पास प्राप्त कर सकेंगे।

यह सुविधा उन लोगों के लिए है जो किसी पात्र टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं।

ऐसे होगी पात्रता की जांच

डिजिटल लोकल पास जारी करने के लिए ऐप, उपयोगकर्ता की सहमति से DigiLocker और VAHAN प्लेटफॉर्म से जानकारी प्राप्त करेगा।

इन जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा:

पता (Address)
वाहन नंबर
FASTag की जानकारी
GIS आधारित लोकेशन वेरिफिकेशन

इसके जरिए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आवेदक संबंधित टोल प्लाजा से 20 किमी के दायरे में रहता है या नहीं।

फिलहाल इस सुविधा की शुरुआत दिल्ली के Urban Extension Road-II स्थित Mundka–Bakkarwala Toll Plaza से की गई है। आने वाले महीनों में इसे अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।

क्या है MargMitra AI हेल्प सेंटर?

RajmargYatra ऐप में जोड़ा गया MargMitra एक AI आधारित हेल्प सेंटर है, जहां उपयोगकर्ता 22 अनुसूचित भारतीय भाषाओं में बोलकर या लिखकर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं।

एक ही ऐप में मिलेंगी ये सुविधाएं
FASTag रिचार्ज, KYC और ब्लैकलिस्ट स्टेटस
लोकल और एनुअल पास की जानकारी
टोल रिफंड स्टेटस ट्रैक
शिकायत दर्ज करना और रियल-टाइम ट्रैकिंग
लंबित e-Notice देखना
सड़क पर रुके वाहन, अतिक्रमण और सुरक्षा संबंधी शिकायत दर्ज करना
समाधान से असंतुष्ट होने पर ऑनलाइन अपील की सुविधा
80 लाख से ज्यादा एनुअल पास जारी

NHAI के अनुसार, RajmargYatra ऐप के जरिए अब तक 80 लाख से अधिक एनुअल पास रियल-टाइम एक्टिवेशन के साथ जारी किए जा चुके हैं। यह ऐप Android और iOS दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।