देशभर में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच अब हैदराबाद देश के प्रमुख महानगरों में सबसे महंगा ईंधन बेचने वाला शहर बन गया है। उद्योग जगत और पेट्रोलियम डीलर्स के अनुसार तेलंगाना में लागू भारी वैट के कारण ईंधन की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। जानकारी के मुताबिक तेलंगाना में पेट्रोल पर 35 प्रतिशत और डीजल पर 27 प्रतिशत वैट लागू है  जो देश में सबसे अधिक बताया जा रहा है। उद्योग प्रतिनिधियों का कहना है कि इसी वजह से हैदराबाद में पेट्रोल और डीजल के दाम अन्य महानगरों की तुलना में सबसे ज्यादा हो गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर भी ईंधन कीमतों पर पड़ा है। तेल कंपनियों ने करीब चार साल बाद कीमतों में बड़ा संशोधन किया है। नए संशोधन के बाद हैदराबाद में पेट्रोल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद हैदराबाद में डीजल की कीमत 99 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। वहीं प्रीमियम ईंधन XP100 की कीमत लगभग 163 रुपये प्रति लीटर और XP95 की कीमत 120 रुपये प्रति लीटर बताई जा रही है। पेट्रोल कीमतों में हैदराबाद के बाद कोलकाता  मुंबई  बेंगलुरु  चेन्नई और दिल्ली का स्थान आता है। डीजल के मामले में भी हैदराबाद सबसे महंगा शहर बन गया है  जबकि नई दिल्ली में सबसे कम कीमत दर्ज की गई है। तेलंगाना पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव विनोद विश्वनाथ ने कहा कि भारी वैट के कारण राज्य में कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। वहीं ईंधन विक्रेता कुणाल सोंथालिया ने आशंका जताई कि वैश्विक तनाव जारी रहने पर आने वाले समय में कीमतें 15 से 20 रुपये तक और बढ़ सकती हैं।