वंदे भारत इंजन फेल पटना लेट
रांची से पटना आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22350) में बीच रास्ते
तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन का इंजन
रास्ते में खराब हो गया, जिसके बाद उसे
मालगाड़ी के सहायक इंजन की मदद से बरकाकाना से गया और फिर पटना तक लाया गया। इस कारण
यात्रियों को करीब साढ़े 9
घंटे की देरी झेलनी पड़ी। जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस
रविवार शाम लगभग 4:15
बजे रांची से रवाना हुई। मेसरा स्टेशन के पास ट्रेन में तकनीकी खराबी आ गई। लोको
पायलट ने इंजन को ठीक करने का प्रयास किया और कुछ देर बाद ट्रेन चली, लेकिन थोड़ी दूरी पर
फिर रुक गई। बताया गया कि एमआर प्रेशर सिस्टम
में खराबी आने के कारण ट्रेन आवश्यक गति नहीं पकड़ पा रही थी। किसी तरह
ट्रेन को बरकाकाना स्टेशन
तक पहुंचाया गया, जहां तकनीकी टीम ने
लगभग एक घंटे तक मरम्मत की कोशिश की,
लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रेलवे ने एक मालगाड़ी का सहायक इंजन वंदे भारत से जोड़कर
उसे गया जंक्शन तक पहुंचाया। गया में भी इंजन को दुरुस्त करने की कोशिश की गई, लेकिन तकनीकी समस्या
दूर नहीं हो सकी। अंततः ट्रेन सहायक इंजन के साथ ही पटना रवाना हुई और रात करीब 1:38
बजे पटना जंक्शन पहुंची। यात्रियों ने लंबी देरी और असुविधा को
लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म
X
पर रेल मंत्रालय से शिकायत भी की। कई
यात्रियों ने बताया कि प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की तकनीकी समस्या और समय पर
जानकारी नहीं मिलने से उन्हें काफी परेशानी हुई। मीडिया द्वारा धनबाद और रांची रेल मंडल
के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया,
लेकिन कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
मिल सकी। वहीं रांची मंडल की एक अधिकारी ने प्रारंभिक स्तर पर घटना की जानकारी
नहीं होने की बात कही।















