पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग विवाद और खान सर प्रकरण से जुड़े मामले में नामजद आरोपी प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर में मौत हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अत्यधिक शराब सेवन के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी  जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया  जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

होटल में बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक  प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में अपने कुछ दोस्तों के साथ ठहरा हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात उसने अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किया था। देर रात उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई  जिसके बाद साथियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया।

उसे विराटनगर स्थित नोबेल अस्पताल में भर्ती कराया गया  लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

चर्चित मामले का आरोपी था प्रिंस

मृतक प्रिंस यादव  ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े  रौशन आनंद का भाई बताया जा रहा है। वह इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में नामजद आरोपियों में शामिल था और गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल में रह रहा था।

चार साथी हिरासत में

नेपाल पुलिस ने घटना के समय प्रिंस के साथ मौजूद चार लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस होटल के एंट्री रजिस्टर  सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि होटल के कमरे से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं  जिन्हें जांच का हिस्सा बनाया गया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

विराटनगर पुलिस प्रशासन ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जा सकेगी।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पड़ताल कर रही है।