पटना: बिहार की राजधानी पटना में परसा बाजार थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए संयुक्त सचिव की नेम प्लेट लगी एक कार से 560 लीटर देशी महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
वाहन जांच के दौरान हुआ खुलासा
परसा बाजार थाना प्रभारी मेनका रानी ने बताया कि नियमित वाहन जांच के दौरान BR01JZ-5343 नंबर की डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। कार पर "संयुक्त सचिव, मुख्य जांच आयुक्त निदेशालय, सामान्य प्रशासन विभाग" का बोर्ड लगा हुआ था।
तलाशी के दौरान कार से 560 लीटर देशी महुआ शराब बरामद हुई, जिसके बाद चालक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
चालक ने पूछताछ में किया बड़ा खुलासा
गिरफ्तार चालक की पहचान सुधीश कुमार, निवासी समनचक डुमरी (पुनपुन थाना क्षेत्र), के रूप में हुई है।
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि यह वाहन सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा संयुक्त सचिव के उपयोग के लिए किराये पर लिया गया है। सोमवार से शुक्रवार तक वह इसी कार से अधिकारी को सचिवालय लाने और ले जाने का काम करता था।
उसने यह भी स्वीकार किया कि शनिवार और रविवार को सचिवालय बंद रहने का फायदा उठाकर वह कथित तौर पर इसी सरकारी नेम प्लेट लगी कार से शराब की तस्करी करता था। उसे भरोसा था कि वरिष्ठ अधिकारी का बोर्ड लगा होने के कारण पुलिस वाहन की जांच नहीं करेगी।
उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बरामद शराब और वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
सरकारी पहचान के दुरुपयोग पर पुलिस सख्त
थाना प्रभारी मेनका रानी ने कहा कि सरकारी पहचान और नेम प्लेट का इस्तेमाल कर अवैध कारोबार करना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों को रोकने के लिए अब सरकारी बोर्ड और नेम प्लेट लगे वाहनों की भी विशेष जांच की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के वाहनों की सघन जांच जारी रहेगी, ताकि सरकारी पहचान की आड़ में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।















