मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में बुधवार सुबह एक युवक का शव बाइक पर मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ ढाबा के समीप की है। मृतक की पहचान मोतीपुर थाना क्षेत्र निवासी राकेश कुमार (करीब 30 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में युवक की सिर में गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

बाइक पर मिला शव, सुबह ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना

बुधवार सुबह स्थानीय ग्रामीण जब शौच के लिए निकले तो उन्होंने सड़क किनारे साइड स्टैंड पर खड़ी बाइक पर युवक का शव देखा। शव बाइक की टंकी पर रखा हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस और एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा मौके पर पहुंचीं।

किराए के मकान में रहता था मृतक

पुलिस के अनुसार राकेश कुमार वर्तमान में कोल्हुआ चौक स्थित गांधी नगर में किराए के मकान में रह रहा था। परिजनों ने बताया कि कुछ महीने पहले उसका मोहल्ले के कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसके बाद वह जेल भी गया था। चार-पांच दिन पहले ही वह जेल से बाहर आया था।

परिजनों ने हत्या की जताई आशंका

परिजनों का आरोप है कि मंगलवार देर रात कुछ लोग राकेश को घर से बुलाकर ले गए और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को सुनसान जगह पर बाइक पर छोड़ दिया गया। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

एफएसएल टीम जुटा रही साक्ष्य

एसडीपीओ टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत सिर में गोली लगने से हुई प्रतीत होती है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और परिजनों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

जब्त बाइक वैशाली जिले में पंजीकृत

पुलिस ने घटनास्थल से बरामद बाइक को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बाइक वैशाली जिले के किसी युवक के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।