मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। जिला अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती एक मरीज की कथित तौर पर दूसरे मरीज के तीमारदार ने मारपीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 45 वर्षीय रमेश पाल लीवर की बीमारी के चलते जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थे। उसी वार्ड में कमला देवी नाम की एक बुजुर्ग महिला का भी इलाज चल रहा था। रविवार देर रात किसी बात को लेकर कमला देवी के बेटे संजय और रमेश पाल के बीच विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान संजय ने रमेश पाल के साथ मारपीट की, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट लगी। घायल अवस्था में उन्हें तत्काल इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी संजय को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और यह भी जांच कर रही है कि आईसीयू जैसे संवेदनशील वार्ड में सुरक्षा व्यवस्था में कहीं कोई लापरवाही तो नहीं हुई।

इस घटना के बाद जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।