समस्तीपुर: महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में फरार चल रहे कथित मास्टरमाइंड विजेंद्र कुमार गुप्ता को महाराष्ट्र पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव से पकड़ा गया। इस मामले में उसकी पत्नी सुमन गुप्ता को पहले ही पटना से गिरफ्तार किया जा चुका है।

महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारी आकाश पवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि विजेंद्र गुप्ता लंबे समय से फरार था। उसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें बिहार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर उसे समस्तीपुर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ठाणे के भिवंडी ले गई है।

यह गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर विरोध-प्रदर्शन जारी हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर बिहार के विभिन्न जिलों तक छात्र परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, विजेंद्र गुप्ता का परिवार आज भी शेरपुर गांव में रहता है। उसके पिता बालेश्वर साह गांव में आटा चक्की चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद गांव में चर्चा का माहौल है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच में विजेंद्र गुप्ता के परिवार के कुछ सदस्यों के नाम भी सामने आए थे। इसी क्रम में उसकी पत्नी सुमन गुप्ता की पहले गिरफ्तारी हुई थी। पुलिस का आरोप है कि पत्नी की गिरफ्तारी के बाद विजेंद्र लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।

अधिकारियों का मानना है कि आरोपी से पूछताछ में पेपर लीक नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है। हालांकि, जांच अभी जारी है और पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।