ईरान अमेरिका तनाव के बीच बिहार के मर्चेंट नेवी इंजीनियर की मौत, गोपालगंज में पसरा मातम
गोपालगंज: ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े सैन्य तनाव
के बीच बिहार के गोपालगंज जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। जिले के थावे प्रखंड
के विदेशी टोला निवासी रोहन कुमार उर्फ सोनू गुप्ता की विदेश में ड्यूटी
के दौरान मौत हो गई। परिजनों का दावा है कि वह सऊदी अरब के समुद्री क्षेत्र में एक
जहाज पर कार्यरत थे और मिसाइल हमले की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। मृतक रोहन कुमार
मर्चेंट नेवी में मरीन इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे।
परिवार के अनुसार वह एडीएनओसी (ADNOC) से जुड़ी एक कंपनी के जहाज पर तैनात थे। घटना के समय जहाज सऊदी
अरब के समुद्री क्षेत्र में मौजूद था। रोहन के छोटे भाई आलोक
कुमार ने बताया कि कंपनी की ओर से पहले फोन कर सूचना दी गई कि मिसाइल
हमले में रोहन घायल हो गए हैं। करीब एक घंटे बाद दोबारा फोन आया, जिसमें उनके निधन की जानकारी दी गई।
इसके बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया। रोहन के पिता संजय
गुप्ता थावे के व्यवसायी हैं और भाजपा लघु उद्योग प्रकोष्ठ के जिला
संयोजक भी बताए जाते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा
हाल है। पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि
उन्हें अब रोहन के पार्थिव शरीर के भारत लाए जाने का इंतजार है। परिवार सरकार और
संबंधित अधिकारियों से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने की मांग कर रहा है।















