गोवा सरकार ने विदेश दौरों पर लगाई रोक
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और
वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहे असर के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा
ईंधन की खपत कम करने और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत बनाए रखने की अपील के बाद
गोवा सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व
वाली गोवा सरकार ने सरकारी खजाने से वित्तपोषित कर्मचारियों और अधिकारियों की सभी
आधिकारिक विदेशी यात्राओं पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। गोवा सरकार ने इस
संबंध में एक ऑफिस मेमोरेंडम जारी कर कहा है कि पहले से स्वीकृत सभी आधिकारिक
विदेश यात्राएं भी तत्काल प्रभाव से रद्द मानी जाएंगी। यह आदेश अगली सूचना तक प्रभावी रहेगा। गोवा पर्यटन राज्य
होने के कारण पर्यटन विभाग के अधिकारी और कई बार मंत्री भी अंतरराष्ट्रीय एक्सपो ट्रैवल मीटिंग और
स्टडी टूर के लिए विदेश जाते रहे हैं। बताया जा रहा है कि टूरिज्म सेक्टर से
जुड़े कार्यक्रमों में विदेश यात्राओं पर सरकार का खर्च अपेक्षाकृत अधिक होता है। मुख्यमंत्री प्रमोद
सावंत ने भी ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए अपने सुरक्षा काफिले में आधे से अधिक
वाहनों की कटौती की है। इसके साथ ही उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों
EV के उपयोग को बढ़ावा देने और राज्य में
ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि
इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर बढ़ता रुझान ईंधन खपत कम करने के साथ साथ राज्य के कार्बन फुटप्रिंट को भी कम
करने में मदद करेगा। गोवा सरकार के इस फैसले को ऊर्जा बचत और आर्थिक प्रबंधन की
दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।















