बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सहायक पर्यावरण वैज्ञानिक नियुक्ति परीक्षा और आशुलिपिक भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग ने दोनों परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों का विवरण अभ्यर्थियों के डैशबोर्ड पर अपलोड कर दिया है। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

आयोग की ओर से दोनों परीक्षाओं के लिए ई-एडमिट कार्ड पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अभ्यर्थी bpsonline.bihar.gov.in पर जाकर My Account  सेक्शन से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। आयोग ने परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड की एक अतिरिक्त प्रति साथ लाने का निर्देश भी दिया है जिसे परीक्षा के दौरान वीक्षक को जमा करना होगा।

बारकोड स्पष्ट होना जरूरी

बीपीएससी ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करते समय रोल नंबर और बारकोड स्पष्ट रूप से मुद्रित होने की जांच अवश्य कर लें। यदि बारकोड या अन्य जानकारी धुंधली है तो परीक्षा में परेशानी हो सकती है।

धुंधले फोटो या हस्ताक्षर वालों के लिए विशेष निर्देश

जिन अभ्यर्थियों के आवेदन में अपलोड किया गया फोटो या हस्ताक्षर स्पष्ट नहीं है  उन्हें आयोग की वेबसाइट से घोषणा पत्र डाउनलोड कर भरना होगा। इसके साथ राजपत्रित अधिकारी से सत्यापित रंगीन फोटो चिपकानी होगी और हिंदी व अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हस्ताक्षर करने होंगे।

इसके अलावा उम्मीदवारों को दो अतिरिक्त सत्यापित रंगीन फोटो भी परीक्षा केंद्र पर साथ ले जानी होगी। इनमें से एक फोटो एडमिट कार्ड पर और दूसरी कार्यालय प्रति पर चिपकाई जाएगी।

मूल पहचान पत्र अनिवार्य

परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को आधार कार्ड  पैन कार्ड  ड्राइविंग लाइसेंस या आवेदन में उल्लिखित अन्य वैध मूल पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही परीक्षा में बैठने की अनुमति मिलेगी।

11 जून को होगी आशुलिपिक भर्ती परीक्षा

आयोग के अनुसार आशुलिपिक भर्ती परीक्षा 11 जून को एकल पाली में आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक चलेगी।