रामगढ़: रामगढ़ कॉलेज गेट के पास मंगलवार को अचानक एक पेड़ गिरने से अफरा-तफरी मच गई। पेड़ की चपेट में एक टेंपो आ गया, जिसमें एक महिला और उसका बच्चा मौजूद थे। हादसे में महिला घायल हो गई, जबकि बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश सह मंत्री गौतम कुमार महतो और आजसू के केंद्रीय सदस्य पंकज वर्णवाल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

कड़ी मशक्कत के बाद महिला और बच्चे को टेंपो से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से बड़ा हादसा टल गया।

पेड़ गिरने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने सड़क से पेड़ हटाने और यातायात को सामान्य कराने में भी सहयोग किया।

गौतम कुमार महतो ने कहा कि आपदा या दुर्घटना की स्थिति में सभी लोगों को मानवता के नाते आगे आकर एक-दूसरे की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि समय पर मिली मदद से कई बार बड़ी अनहोनी को टाला जा सकता है।