साहिबगंज: तीनपहाड़ ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर्स फेडरेशन की झारखंड राज्य इकाई के बैनर तले शनिवार को तीनपहाड़ स्थित अंबेडकर भवन में साहिबगंज जिला संगठन का एक दिवसीय जिला स्तरीय सम्मेलन एवं पुनर्गठन कार्यक्रम आयोजित किया गया। सम्मेलन में जिले के सभी नौ प्रखंडों से बड़ी संख्या में जनवितरण प्रणाली (PDS) के राशन डीलरों ने भाग लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दुमका जिला अध्यक्ष सह प्रदेश सचिव एवं सम्मेलन के मुख्य अतिथि सुनील कुमार झा ने की। संगठन के पुनर्गठन पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से मोहम्मद जाकिर हुसैन को साहिबगंज जिला अध्यक्ष चुना गया।

सम्मेलन में राशन डीलरों ने अपने कार्यों के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। डीलरों ने ई-पॉस मशीनों की तकनीकी खराबी, सर्वर की समस्या, कमीशन भुगतान में देरी, समय पर राशन की आपूर्ति नहीं होने तथा लाभुकों के बीच वितरण में आने वाली कठिनाइयों पर विस्तार से चर्चा की। उपस्थित डीलरों ने संगठन से इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने की मांग की।

मुख्य अतिथि सुनील कुमार झा ने कहा कि तकनीकी समस्याओं के कारण राशन डीलरों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लाभुकों तक समय पर और निर्धारित मात्रा में राशन पहुंचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। संगठन डीलरों की सभी समस्याओं को संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष मजबूती से उठाएगा।

सम्मेलन में जिलेभर से 500 से अधिक राशन डीलरों की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान संगठन को और मजबूत बनाने तथा डीलरों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सुरेश प्रसाद, प्रदेश महासचिव संजय कुंड, नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष मोहम्मद जाकिर हुसैन, कार्यकारी जिला अध्यक्ष मोहम्मद आलमगीर आलम सहित विभिन्न प्रखंडों के सैकड़ों राशन डीलर उपस्थित रहे। कई डीलरों ने मंच से अपने कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को भी साझा किया और उनके समाधान की मांग की।