तमाड़ में अवैध बालू माफियाओं पर पुलिस का शिकंजा, विशेष अभियान में हाइवा जब्त; SDPO ओम प्रकाश बोले- किसी को नहीं बख्शेंगे
रांची: रांची जिले के तमाड़
थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई
करते हुए एक हाइवा जब्त किया है। बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) ओम
प्रकाश के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यह कार्रवाई की
गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू कारोबार में शामिल लोगों की पहचान कर
उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को बुंडू अनुमंडल क्षेत्र में
अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान
के दौरान तमाड़ थाना क्षेत्र के कांची पुल के आगे एनएच-33 स्थित
पोड़ाडीह के समीप पुलिस ने अवैध रूप से बालू परिवहन कर रहे एक हाइवा को
रोककर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों में
हड़कंप मच गया। एसडीपीओ ओम प्रकाश ने कहा कि अवैध बालू माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी
रहेगा। उन्होंने कहा कि इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है
और किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने तमाड़ थाना
प्रभारी सहित सभी थाना प्रभारियों को अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध नियमित और
प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों
की अवैध लूट और राजस्व की क्षति रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए
जाएंगे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों के विरुद्ध
सख्त कार्रवाई की जाएगी।















