देवघर: सारठ के शहरजोरी स्थित ऑडिटोरियम हॉल में वर्ष 2026 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य 'प्रतिभा सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में सारठ विधानसभा क्षेत्र के करीब 40 विद्यालयों के 600 मेधावी छात्र-छात्राओं को उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
समारोह में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करना था।
'सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं' : जीएम मदन मोहन चौधरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी माइंस चितरा के महाप्रबंधक मदन मोहन चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के विचारों का उल्लेख करते हुए छात्रों से बड़े सपने देखने और उन्हें कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ पूरा करने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने शिक्षा को लेकर किए अहम वादे
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व विधायक रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि सारठ विधानसभा क्षेत्र का कोई भी मेधावी छात्र आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरतमंद विद्यार्थियों के नामांकन और आगे की पढ़ाई में हर संभव सहयोग किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र को डिजिटल विधानसभा बनाने के उद्देश्य से पंचायत स्तर पर विशेष बस के माध्यम से बच्चों को निःशुल्क कंप्यूटर शिक्षा दी जा रही है।
10 हजार बच्चों को डिजिटल शिक्षा देने का लक्ष्य
पूर्व विधायक ने बताया कि इस पहल के तहत 10 हजार विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक करीब 1 हजार बच्चों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
उन्होंने भविष्य में सारठ क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज और इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना को अपना प्रमुख सपना बताते हुए कहा कि जनता का सहयोग मिलने पर इस लक्ष्य को भी साकार किया जाएगा।
लगातार 12 वर्षों से हो रहा है आयोजन
आयोजकों के अनुसार, यह प्रतिभा सम्मान समारोह पूर्व विधायक रणधीर सिंह के प्रयास से लगातार 12 वर्षों से आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है।
शिक्षकों और अतिथियों का भी हुआ सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों, प्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक रणधीर सिंह ने मुख्य अतिथि मदन मोहन चौधरी को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विश्वजीत, सुनील कुमार पंडित, नेल्सन मरांडी, बाबूधन हेम्ब्रम, रोशन रंजन, अजय कुमार वर्मा, अंकित कुमार, खुशबू कुमारी, उत्तम सिंह, एस.के. राय, पी. घोष, विश्वनाथ, विजय, दिलीप राय, अभय ठाकुर, महेंद्र राणा, वीरेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।















