रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा घाटों रोड स्थित 4 नंबर महतो टोला के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार भी उसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बड़का चुम्बा निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अज्ञात वाहन तेज गति से गुजर रहा था और उसने पहले बाइक को टक्कर मारी, फिर सामने आ रही कार से भी टकरा गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल रामगढ़ भेज दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना भी दे दी है।
पुलिस ने बताया कि फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसे के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















