हनुमान रूपधारी कलाकार से पैर छुवाने पर सियासत गरम , रघुवर दास पर बरसे मंत्री इरफान अंसारी, दी आंदोलन की चेतावनी
रांची/जामताड़ा: झारखंड की राजनीति में एक तस्वीर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रघुवर दास पर हनुमान के वेश में मौजूद एक कलाकार से पैर छुवाने का आरोप लगाया है। मंत्री ने इस तस्वीर को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई और रघुवर दास से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि माफी नहीं मिलने पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर में रघुवर दास सोफे पर बैठे दिखाई दे रहे हैं, जबकि हनुमान के वेश में एक कलाकार उनके पैर छूता नजर आ रहा है। इसी तस्वीर को साझा करते हुए इरफान अंसारी ने रघुवर दास पर निशाना साधा। मंत्री ने अपनी पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा, “वाह रघुवर दास जी… हद कर दी आपने!” उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में रहने के कारण किसी व्यक्ति को खुद को भगवान राम समझने का अधिकार नहीं मिल जाता। इरफान अंसारी ने कहा कि भगवान राम और हनुमान करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक हैं। उनके मुताबिक, हनुमान का रूप धारण किए कलाकार से पैर छुवाने का कथित व्यवहार धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। मंत्री ने रघुवर दास से इस मामले में माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि सत्ता का अहंकार किसी को भी आस्था और मर्यादा की सीमा भूलने पर मजबूर नहीं करना चाहिए। अंसारी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य नेताओं को भी टैग किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि रघुवर दास माफी नहीं मांगते हैं, तो इस मुद्दे पर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इस बयान के बाद मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक रघुवर दास की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल विवाद की मुख्य वजह सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीर और उसके आधार पर मंत्री इरफान अंसारी द्वारा लगाए गए आरोप हैं। रघुवर दास का पक्ष सामने आने के बाद मामले की पूरी तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
‘करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा है मामला’
माफी नहीं मिली तो आंदोलन की चेतावनी
रघुवर दास का पक्ष आना बाकी















