रामगढ़: छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और नशे के दुष्प्रभावों से बचाव का संदेश देने के उद्देश्य से रामगढ़ जिले के पतरातू स्थित एसएस हाई स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में हुए इस कार्यक्रम में स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, कानून और पुलिस से सहायता लेने के तरीकों की जानकारी दी गई।

डरें नहीं, खुलकर पुलिस से करें शिकायत

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि छेड़खानी, मानसिक प्रताड़ना या किसी अन्य तरह की परेशानी होने पर चुप न रहें और बिना किसी डर के शिकायत करें।

उन्होंने कहा कि कई बार डर या सामाजिक दबाव के कारण लड़कियां ऐसी घटनाओं को छिपा लेती हैं। इससे अपराध करने वालों का हौसला बढ़ सकता है। छात्राओं को चाहिए कि वे ऐसी किसी भी घटना की जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों या नजदीकी थाने को दें।

सुरक्षा और कानूनी अधिकारों की दी जानकारी

पुलिस इंस्पेक्टर ने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में सतर्क रहना और समय पर मदद लेना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि शिकायत मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी और पीड़ित की पहचान की गोपनीयता बनाए रखने का ध्यान रखा जाएगा।

नशे से दूर रहने का भी दिया संदेश

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के साथ नशे की रोकथाम और कानून के प्रति जागरूकता पर भी जोर दिया गया। छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और किसी भी गलत गतिविधि की जानकारी जिम्मेदार लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर पतरातू थाना प्रभारी विकास आर्यन सहित एसएस हाई स्कूल के शिक्षक मौजूद रहे।