पाकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 120 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन भी बरामद
पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को सूचना मिली थी कि हिरणपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव में भोला साहा के घर से अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में जब पुलिस टीम रानीपुर गांव स्थित भोला साहा के घर पहुंची, तो वहां कुछ लोग कथित रूप से गांजा की खरीद-बिक्री करते मिले। पुलिस को देखते ही मौजूद लोग भागने लगे। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी भोला साहा (पिता- स्व. रामप्रसाद साहा), निवासी रानीपुर, थाना हिरणपुर, को पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस ने दंडाधिकारी की उपस्थिति में आरोपी के घर और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 120 ग्राम गांजा और एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन बरामद की गई। बरामद सामग्री के आधार पर हिरणपुर थाना कांड संख्या 51/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(A) एवं 22(A) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मदन भगत नामक एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस को देख भागने लगे आरोपी
घर और दुकान की तलाशी में मिला गांजा
एक अन्य आरोपी की तलाश जारी
बरामद सामान















